Deoli News 19 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी स्थित दूणजा माता धर्मशाला में गुरुवार को सेन समाज द्वारा सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस मौके पर समाज के 10 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे।
कार्यक्रम में करीब 5 हजार समाज के लोग एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए। जिन्होंने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना एवं गणेश वंदना के साथ हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी जोड़ों का विवाह संस्कार संपन्न कराया गया। धर्मशाला परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया था। समारोह में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी। वक्ताओं ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और अनावश्यक खर्चों को रोकने में सहायक साबित होते हैं। कार्यक्रम में दूर-दराज से आए मेहमानों के लिए भोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं की गई।



