-
पुलिस थाना पुरानी टोंक की सफलता
-
ऊंचा में गत दो माह हुई थी वारदात
-
हनुमान नगर पुलिस भी करेगी पूछताछ
Deoli News 6 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) समीप के ऊंचा गांव में गत दो माह पहले हुई 25 लाख रुपए नकदी व आभूषणों की नकबजनी के मामले में आरोपी पुलिस थाना पुरानी टोंक के हत्थे चढ़े हैं। यह आरोपी टोंक की एक वारदात में धरे गए। जिनसे दर्जनों कई बड़ी वारदात खुली है।
पुलिस थाना पुरानी टोंक प्रभारी उदयवीर सिंह के अनुसार पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मोइनुद्दीन उर्फ मोनू पुत्र शाहिद अहमद देशवाली निवासी वार्ड नं 3 बीड़ी फैक्ट्री के पास उनियारा, शेरू अली उर्फ शेरू उर्फ अली पुत्र शब्बीर अहमद फकीर निवासी वार्ड नं 20 जामा मस्जिद मुसाफिरखाना उनियारा, राजेंद्र सिंह उर्फ राजू बंगाली पुत्र भीम सिंह निवासी अंकित स्कूल के पास इंदिरा कॉलोनी विज्ञान नगर कोटा एवं दीपक मीणा उर्फ दीपू पुत्र मुकेश मीणा निवासी विजयगढ़ बूंदी, हाल कन्या छात्रावास के पीछे फकीरों का मोहल्ला कोटा थाना गुमानपुरा है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी दीपक मीणा उर्फ दीपू ने ऊंचा स्थित एक मकान में 25 लाख रूपए नकद व जेवरात चुराए थे।
यह था मामला
यह चोरी क्षेत्र की बहुत बड़ी वारदात थी, जो गत 10 जून को ऊंचा गांव में घटित हुई थी। मामले को लेकर कैलाश चंद्र पुत्र मोहनलाल सुवालका ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि इस दिन दोपहर 12 बजे घर के लोग बाजार में खरीदारी करने चले गए थे। पीड़ित के परिवार में कार्यक्रम था। इसे लेकर वह खरीदारी कर रहे थे। वहीं अपराह्न 3 बजे लौटने पर घर के मुख्य गेट के ताले टूटे मिले, सामान बिखरा हुआ था और बक्से में रखे 25 लाख रुपए नकद गायब थे। यह राशि पीड़ित को जमीन बेचने के पेटे मिली थी और उन्होंने निर्माण कार्य के लिए अपने पास रख रखी थी। आरोपियों ने 10 ग्राम वजनी दो सोने की झुमरी, 10 ग्राम वजनी सोने की अंगूठी, तीन जोड़ी चांदी की पायजेब, छोटी मोटी चांदी समेत एक किलो की चांदी चुरा ली थी। हनुमान नगर थाना पुलिस ने स्वीकार किया है कि टोंक में खुलासा हुई वारदात के आरोपी ने ऊंचा में भी वारदात की थी।

दिन में वारदात करते और वापस काम पर लग जाते आरोपी
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी बाइक लेकर इधर-उधर घूमते रहते थे। टोंक जिले में आरोपी मोनू व शेरू दिनभर घूमकर सूने मकान की रेकी करते। इसके बाद साथी शादाब, राजू बंगाली को फोन कर चिन्हित मकान के बारे में बताते हैं। शादाब, राजू बंगाली, दीपक मीणा अन्य साथी दिन के समय सूने मकान में चोरी करते और कोटा जाकर अपने काम में लग जाते। आरोपी घूमने फिरने के शौकीन थे। इनमें राजू बंगाली बहुत ही शातिर नकबजन है। जिस पर अलग-अलग जिलों में 30 मुकदमे दर्ज है।



