चोरों के हौसले बुलंद
Deoli News 13 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के तेली मोहल्ला स्थित एक घर के बाहर से दीपावली की शाम कर महज कुछ मिनट में घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी हो गई। हालांकि बाइक मालिक को इसका पता लगा तथा उसने पीछा भी किया। लेकिन चोर भाग छूटा।

दरअसल यह बाइक तेली मोहल्ला निवासी राजीव भारद्वाज की है। रविवार शाम भारद्वाज का पुत्र राघव बाइक लेकर घर पर किसी काम से गया। इस बीच कुछ मिनट ही हुए थे कि राघव को घर के बाहर खड़ी अपनी बाइक स्टार्ट होने की भनक लगी। बाहर आकर देखा तो एक युवक उनकी बाइक ले जाता हुआ दिखा। राघव ने चोर का पीछा भी किया। लेकिन पकड़ नहीं पाया। उधर, सीसीटीवी फुटेज में यह वारदात नजर आ रही है। इसमें एक चोर शाम करीब 5:50 पर बाइक के करीब आया। उसके कंधे पर एक बैग लटका था।

यह बैग उसी तरह से है, जिस तरह पिछले दिनों दिगंबर जैन मंदिर के बाहर से एक बदमाश ने बुजुर्ग महिला की चेन तोड़ने का प्रयास किया था। चोर धीरे से बाइक के पास आया। लेकिन इस बीच पड़ोसी के मकान से एक युवती दीपक लेकर बाहर रखने आई। इसे देखकर चोर यहां चबूतरी पर बैठ गया, ताकि युवती को संदेह न हो। लेकिन युवती के वापस घर में जाते ही चोर ने तत्काल बाइक में चाबी लगाई तथा उसे लेकर रफूचकर हो गया। इसकी भनक बाइक लेकर घर गए पीड़ित राजीव भारद्वाज के पुत्र राघव को लगी। वह बाहर आया तथा आगे भाग रहे चोर का पीछा को करने की कोशिश की।

इसके बाद राघव काफी दूर तक पैदल ही उसका पीछा करता रहा। बाद में एक मोपेड सवार की मदद लेकर उसने चोर को ढूंढने की कोशिश की। लेकिन शातिर चोर चकमा देकर भाग गया। पीड़ित राजीव भारद्वाज ने पुलिस में रिपोर्ट दी है।


