पुलिस को देखकर भागने लगी महिला, एनडीपीएस एक्ट दर्ज कर जांच जहाजपुर थाना प्रभारी को सौपी
Deoli News 20 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना पुलिस ने रोडवेज बस से उतरी एक महिला की संदिग्ध गतिविधियों पर जब तलाशी ली तो महिला के पास स्मैक पाई गई। इस पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई करते हुए स्मैक को जप्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है।



हनुमान नगर थाना अधिकारी हीरालाल ने बताया कि रविवार को हनुमान नगर थाने के एएसआई गोपाल प्रजापत, पुलिसकर्मी सतीश, स्वाती व जीप चालक टीकम को लेकर बालाजी मंदिर के समीप तिराहे पर खड़े होकर चुनाव के मद्देनजर वाहनों पर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ मीटर दूर राजस्थान रोडवेज की बस से राजस्थानी पोशाक पहने हुए एक महिला उतरी। पुलिस को देखते ही महिला तेज कदमों से उल्टी दिशा की ओर जाने लगी। जिस पर पुलिस को शक हुआ।

पुलिस ने महिला को रोककर जब पूछताछ की। महिला की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए महिला कांस्टेबल स्वाती ने महिला की तलाशी ली तो महिला के पास अखबार के टुकड़े में पॉलिथीन में एक भूरे रंग का पाउडर मिला। जिसे महिला ने स्मैक बताया। पुलिस पूछताछ में महिला ने अपना नाम सरोज कंवर पत्नी रविंद्र सिंह राजपूत द्वारका विहार लहसुन फैक्ट्री जयसिंहपुरा खोर थाना जयसिंहपुरा खोर जयपुर बताया। पुलिस ने उक्त भूरे रंग के पाउडर को वजन किया तो 111 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया तथा महिला सरोज को गिरफ्तार कर जांच जहाजपुर थाना अधिकारी धर्मेश दायमा को सौंप दी है। थानाधिकारी हीरालाल ने बताया कि जप्त की स्मैक की कीमत करीब 22 लाख 20 हजार रुपए है।


