Deoli News 5 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका प्रशासन देवली की ओर से शुक्रवार को एक बार फिर शहर में पॉलिथीन कैरी बैग रखने वाले दुकानदारों की जांच की गई। इस दौरान करीब 85 किलो पॉलिथीन जब्त की गई।
अधिशासी अधिकारी पवन कुमार शर्मा के अनुसार राज्य सरकार की ओर से पॉलीथिन कैरी बैग्स के उपयोग व उपभोग पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद पॉलिथीन का उपयोग हो रहा है। इसे लेकर नगर पालिका की गठित टीम ने ममता सर्कल के आसपास के करीब आधा दर्जन से अधिक दुकानों में दबिश दी। जहां 85 किलो पॉलिथीन जब्त की गई। जबकि जांच दल की सूचना से अन्य दुकानदारों ने अपनी पॉलिथीन हटा दी। उक्त कार्रवाई में कनिष्ठ सहायक अल्ताफ हुसैन, कार्यवाहक सफाई निरीक्षक कुलदीप सिंह शक्तावत, कार्यवाहक सफाई जमादार विकास अजयपाल, राकेश रियल समेत कर्मचारी मौजूद थे।



