गल्ला तोड़कर नकदी चुराई
Deoli News 7 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के राजकीय चिकित्सालय के बाहर स्थित एक मेडिकल स्टोर में शनिवार रात चोरी की वारदात हुई है। चोर यहां से गल्ले में रखें नकदी चुरा कर ले गए।
वारदात का पता सुबह दुकान खोलने पर लगा। जानकारी के अनुसार यह वारदात पंचायत समिति देवली की दुकान में संचालित सरदार मेडिकल एंड जनरल स्टोर में हुई। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के अनुसार यह वारदात रात 2:45 से 3:20 के बीच हुई। दो चोर दुकान के ऊपर का लोहे का चद्दर, फर्नीचर काटकर भीतर घुसे तथा वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने काउंटर में लगे दो गल्लों को कैंची से खोलकर नकदी चुराई है। यहां कैची मुड़ी हुई मिली। यह नकदी करीब 10 हजार रुपए बताई गई है, जो प्रतिदिन के कैश मेंटेन के लिए रखी जाती है। वहीं सिक्के भी चुराए हैं। इसके अलावा चोरों ने और किसी चीज को नहीं चुराया। सुबह दुकान खोलने पर नकदी गायब थी तथा दुकान की छत का हिस्सा कटा हुआ था। इससे चोरी होने का पता लगा।
सूचना पर देवली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल बद्रीलाल यादव मौके पर पहुंचे और पीड़ित से वारदात की जानकारी ली। बताया गया कि यह दुकान जयपुर रोड निवासी मोहम्मद मोहसिन की है, जो शुक्रवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे।


