Deoli News 22 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) चालीहा साहिब समापन का कार्यक्रम शुक्रवार को बनास स्थित बोरडा गणेशजी मंदिर परिसर में होगा। यह आयोजन भगवान झूलेलाल के 26 वे वंशज साई मनीष लाल साहिब (भरूच गुजरात) के सानिध्य में आयोजित होगा।
देवली पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष विनोद धर्मानी ने बताया कि पूर्व में भी केकड़ी की पूज्य पंचायत की संगत द्वारा यह आयोजन स्थानीय बोरडा गणेशजी पर आयोजित होता रहा है। इस वर्ष भी यह कार्यक्रम इसी तट पर होगा। केकड़ी के राजेश भगतानी ने बताया कि इन 40 दिनों में आराध्य भगवान झूलेलाल की महिमा गाई जाती है। वहीं सुख, शांति व समृद्धि के साथ-साथ अच्छे मानसून की ईश्वर से कामना की जाती है। जिसमें 40 दिन व्रत रखकर श्रद्धालु इसे पूरा करते हैं। इस दौरान संगीतमय पूज्य बहराणा साहब दोपहर 12:30 बजे, अखे साहिब की आहुति दोपहर 3 बजे आरती एवं पल्लव का आयोजन दोपहर 3:30 बजे होगा। जबकि शाम 4 बजे जल एवं ज्योत का संगम होकर अखंड ज्योत पवित्र बनास नदी में विसर्जित की जाएगी।
इसमें देवली की पूज्य संगत के अलावा टोंक, निवाई, बूंदी, भीलवाड़ा, सरवाड़, नसीराबाद, केकड़ी से लोग शामिल होंगे।


