पैदल पहुंचकर किए दर्शन, 9 दिवसीय अनुष्ठान शुरू
Deoli News 3 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शारदीय नवरात्र के मौके पर पहले दिन गुरुवार को क्षेत्र के शक्तिपीठों पर दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इस मौके पर शक्तिपीठों पर श्रद्धालुओं ने पदयात्रा कर दर्शन किए। इस दौरान समीप के कुचलवाड़ा कला स्थित बीजासन माता मंदिर में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ देखी गई।
सुबह 5 बजे से महिला व पुरुष पैदल ही माता के दरबार में पहुंचे और आरती में भाग लिया। दिनभर लोगों ने मंदिर पहुंचकर मत्था टेका ओर दर्शन कर माता का आशीर्वाद दिया। नवरात्र के चलते मां बीजासन का मनमोहक श्रृंगार किया गया। यहां लकवा रोगियों का जमावड़ा लगा है। इसी तरह चांदली गांव स्थित हिंगलाज माता मंदिर में भी हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। आंखों की देवी के रूप में लोकप्रिय हिंगलाज माता भक्तों की हर मुराद पूरी करती है। इसे लेकर हजारों श्रद्धालुओं ने पहाड़ी पर चढ़कर माता के दर्शन किए। उन्हें नारियल, प्रसादी का भोग लगाया। क्षेत्र के दौलता मोड़ स्थित माता मंदिर, देवली गांव केसर माता मंदिर, राजमहल में वन माता मंदिर व क्षेत्र के प्रमुख दुणजा माता मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इस मौके पर कई श्रद्धालुओं ने 9 दिन तक अपने फुटवियर का त्याग किया और व्रत उपवास शुरू किया है। मंदिरों में रामायण की चौपाहियां भी गूंजने लगी है।



