प्रबुद्ध जनों की बैठक को संबोधित किया
Deoli News 14 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) प्रदेश के जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी व ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर सोमवार को देवली पहुंचे। जहां उनका लोगों ने स्वागत किया। दरअसल दोनों मंत्री पूर्व पालिका उपाध्यक्ष जितेंद्र चौधरी के घर आए।
पार्षद छाया चौधरी समेत भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण व दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। मंत्री ने यहां मौजूद लोगों की जनसुनवाई की। भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह मेहता भी मौजूद थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को भगवान कृष्ण की तस्वीर भेंट की। पार्षद छाया चौधरी ने देवली का उप जिला चिकित्सालय शहर के नजदीक व सर्व सुलभ जगह बनाने एवं देवली की जलापूर्ति सुचारू करने को लेकर ज्ञापन दिया। इसके बाद जलदाय एवं ऊर्जा मंत्री ने पटेल नगर स्थित जैन मंदिर परिसर में शहर के प्रबुद्ध जनों की बैठक ली एवं पार्टी के सिद्धांत व उद्देश्य बताएं। यह बैठक उपचुनाव के मद्देनजर थी।
मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि प्रदेश की सातों विधानसभा सीट बीजेपी जीतेगी। बीजेपी निचले स्तर के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर काम कर रही है और निश्चित तौर पर सफलता मिलेगी। फिर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पार्टी उपचुनाव जीतेगी।


