“सात दिवसीय कथा का समापन”
Deoli News 12 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) समीप के कुचलवाड़ा कला स्थित बाग के बालाजी परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा का शनिवार को विधि विधान के साथ समापन हुआ। इस मौके पर फाग उत्सव का आयोजन भी हुआ।
आयोजन से जुड़े प्रशांत उपाध्याय, राजीव भारद्वाज ने बताया कि उक्त भागवत कथा का आयोजन रामपाल उपाध्याय एवं विजयलक्ष्मी उपाध्याय निवासी कुचलवाडा ने किया। यहां व्यासपीठ पर पं शिवकुमार दाधीच (कोटा) ने सात दिवसीय कथा की। भागवत कथा का आयोजन गत 4 से 11 जनवरी तक किया गया। कथा के प्रत्येक दिन अलग-अलग अयोजन नंदोत्सव, छप्पन भोग, श्रीराधा कृष्ण विवाह का आयोजन हुआ। कथा के अंतिम दिन शनिवार को व्यासपीठ से कथावाचक दाधीच ने भागवत कथा के महात्म्य से श्रोताओं को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यदि कोई श्रद्धालु कथा के अंतिम दिन भी श्रद्धापूर्वक कथा का श्रवण करता है तो उसे पूरी भागवतजी कथा के श्रवण का पुण्य मिलता है।
भागवत कथा मनुष्य को जन्म मरण व जीव चक्र के बंधन से मुक्त करने वाली है। कथा के समापन पर फागोत्सव का आयोजन हुआ। पं शिवकुमार का अभिनंदन किया गया। इस दौरान कई श्रद्धालु उपस्थित थे।


