Deoli News 21 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय महाविद्यालय देवली में राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर, पांचवें दिन मंगलवार को प्रातः कालीन प्रार्थना सभा, योगाभ्यास, पीटी के साथ शुरू हुआ।
स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर सेमीनार हॉल के बाहरी क्षेत्र में साफ-सफाई की। इसके बाद “युवाओं में जंक फूड की बढ़ती प्रवृति” विषय पर बौद्धिक सत्र हुआ। मुख्य वक्ता सहायक आचार्य विजय कुमार मीणा ने युवाओं में जंक फूड की बढ़ती प्रवृति पर चिंता जाहिर की और बताया कि जंक फूड खाने से शरीर में वसा का स्तर बढ़ जाता है। जिसके कारण उपभोक्ता को मोटापा, अवसाद, कोलेस्ट्रॉल, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग जैसी बीमारियां घेर लेती हैं तथा व्यक्ति की याददाश्त, पाचन तंत्र व आंखों की क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ना प्रारंभ हो जाता है। बौद्धिक सत्र के बाद सभी स्वयंसेवक चर्च रोड स्थित केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के परिसर भ्रमण के लिए गए।
भ्रमण के दौरान मुख्य प्रशिक्षक आरएस कपूरिया ने स्वयंसेवकों को केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के संगठन, जवानों की दिनचर्या, प्रशिक्षण और ड्यूटी के समय उपयोगी विभिन्न हथियारों एवं उनके संचालन के बारे में बताया।


