-
जर्जर भवन में पढ़ाई कर रहे बच्चे
-
हो सकता है हादसा
-
बारिश में बैठने तक की जगह नहीं
Deoli News 26 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर क्षेत्र के ब्लॉक जहाजपुर स्थित खेमा का झोपड़ा प्राथमिक विद्यालय की स्थिति भी बहुत गंभीर है। विद्यालय का भवन जर्जर अवस्था में है और यहां कभी भी हादसा हो सकता है। लेकिन यह सरकारी भवन है, लिहाजा किसी को ध्यान देने की फुर्सत नहीं है।
जानकारी के मुताबिक इस प्राथमिक विद्यालय में 27 बच्चों का नामांकन है और दो कक्षा कक्ष हैं, जबकि एक स्टाफ रूम है। भवन की पट्टियों में काफी रिसाव है और कक्षा कक्ष में पानी भर रहा है। पट्टियों के आधार के लिए रखा गया पिलर भी क्षतिग्रस्त है और इसमें दरारें आई हुई हैं। दीवारों पर भी लंबी लंबी दरारें आ चुकी हैं। कक्षाओं में दीवार से अधिक दरारे दिखाई देती है। इनर व्हील क्लब देवली की अध्यक्ष मनाली गुप्ता ने बताया कि वह अपने क्लब की सदस्यों के साथ कई बार इस स्कूल में गई हैं और स्कूल का भवन जर्जर अवस्था में है।
भवन की दीवार और छत पर दरारें आ रही हैं, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। उन्होंने शिक्षा विभाग से आग्रह किया है कि तत्काल इस भवन की मरम्मत पर ध्यान देने की जरूरत है, नहीं तो कोई हादसा हो सकता है। वर्षा के दिनों में भवन की स्थिति और भी खराब हो रही है और नन्हे मुन्ने बच्चों की जान को खतरा बना हुआ है। यह स्थिति पिछले तीन-चार सालों से बनी हुई है, लेकिन शिक्षा विभाग इस ओर गंभीर नहीं है। लिहाजा, स्थिति और भी खराब हो सकती है। विभाग को तत्काल इस भवन की मरम्मत करवानी चाहिए और बच्चों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि झालावाड़ के पीपलोदी गांव में शुक्रवार को सरकारी स्कूल की छत गिर जाने से 7 बच्चों की मौत हो गई थी। जबकि 28 बच्चे घायल हुए थे और कई बच्चों की जान पर बनी हुई है।


