Deoli News 18 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका दूनी के खेल मैदान में गत 10 नवंबर से चल रहे दूनी प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के प्रथम सीजन का फाइनल मुकाबला सोमवार को खेला गया।
आयोजक कमेटी के आदित्य कश्यप, भरतराज चौधरी, अजय, राजकुमार, बृजेश, करण और विकास ने बताया कि रोमांचक फाइनल मैच में इलेवन स्टार टीम और कर्मावत रॉयल्स आमने-सामने हुई। टॉस जीतकर इलेवन स्टार टीम ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया, जहां कर्मावत रॉयल्स ने 3 विकेट पर 154 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए इलेवन स्टार टीम दबाव में लड़खड़ा गई और 10 ओवर में मात्र 97 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ कर्मावत रॉयल्स ने 57 रन से विजय दर्ज कर प्रथम सीजन की ट्रॉफी अपने नाम की। जबकि 11 स्टार टीम उपविजेता बनी। फाइनल मैच में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए वीरू कंजर ने 26 गेंदों पर 68 रन ठोककर मैन ऑफ द मैच का खिताब हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रहे दीपक मीणा (विजयगढ़) ने 7 मैचों में 179 रन बनाकर बेस्ट बैट्समैन ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए।
वहीं अजय सेन ने 6 मैचों में 10 विकेट लेकर बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार जीता। पूरे क्रिकेट टूर्नामेंट में सबसे बेहतर खेल प्रदर्शन के आधार पर दीपक मीणा विजयगढ़ को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया। समापन समारोह में विजेता टीम कर्मावत रॉयल्स को ट्रॉफी और 51 हजार रुपए की इनामी राशि, जबकि उपविजेता 11 स्टार टीम को 25 हजार रुपए और ट्रॉफी सौपकर सम्मानित किया गया।



