कम्पोजिट ग्रांट अटकने से शिक्षक संघ में रोष
Deoli News 18 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद् द्वारा प्रतिवर्ष दी जाने वाली कम्पोजिट स्कूल ग्रांट (CSG) की राशि जिला टोंक के 401 उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अब तक नहीं पहुँची है।
राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के जिलाध्यक्ष दिनेश चन्द्र कुर्मी और जिला मंत्री भंवर लाल वैष्णव ने बताया कि देवली, मालपुरा, निवाई, पीपलू, टोडारायसिंह, टोंक और उनियारा के विद्यालयों में बजट अभाव से बिजली बिल, स्वच्छता और छात्रोपयोगी सामग्री के भुगतान अटक गए हैं। संस्था प्रधानों को बकाया राशि के कारण व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा ने शिक्षा मंत्री और शिक्षा सचिव को पत्र लिखकर शीघ्र बजट जारी करने की मांग की है।

जिला कार्यकारिणी ने भी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र सौंपकर अवगत कराया है कि समय रहते राशि उपलब्ध न होने पर विद्यालयों का दैनिक संचालन बाधित हो सकता है।


