Deoli News 19 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में रविवार को भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम का जन्मोत्सव ब्राह्मण समाज द्वारा धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज के लोगों में उत्साह देखने को मिला।

जन्मोत्सव समिति सदस्य अमित गौतम ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत रविवार सुबह भरतपुर हाउस के समीप स्थित परशुराम सर्कल पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई, जहाँ से शोभायात्रा व वाहन रैली का शुभारंभ किया गया। शोभायात्रा में समाज के बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक सफेद वस्त्र और केसरिया पगड़ी धारण की। भगवान परशुराम के जयकारों और भजनों की धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालु शहर के मुख्य मार्गों से गुजरा। यह शोभायात्रा परशुराम सर्कल से होकर गौरव पथ, जहाजपुर चुंगी नाका, पटवा बाजार, छतरी चौराहा, पुलिस स्टेशन, बस स्टैंड, मुख्य बाजार, एसबीआई चौराहा और पेट्रोल पंप चौराहा होते हुए एजेंसी एरिया स्थित नेवर बाग पहुँची।
यात्रा का समापन नेवर बाग स्थित निर्माणाधीन परशुराम भवन, मंदिर एवं वेद विद्यालय परिसर में हुआ। शोभायात्रा के दौरान कई जगह विभिन्न संगठनों व शहरवासियों द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष अंकित जैन के नेतृत्व में, जनसेवा समिति, व्यापार महासंघ, बीसलपुर बांध विस्थापित संघर्ष समिति और स्कूल सहित कई सामाजिक संस्थाओं ने जलपान व अल्पाहार की व्यवस्था कर ब्राह्मण समाज का अभिनंदन किया।

समापन पर प्रसाद वितरित किया
जुलूस के समापन पर नेवर बाग बालाजी मंदिर परिसर में भगवान परशुराम की महाआरती की गई और उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। उल्लेखनीय है कि देवली के नेवरबाग क्षेत्र में भगवान परशुराम का मंदिर निर्माण अधीन है।


