Deoli News 30 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगरपालिका सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव दिनेश कुमार जलुथरिया की अध्यक्षता में नालसा मेगा विधिक सेवा शिविर और डोर स्टेप प्री-काउंसलिंग कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती पूजन और नालसा थीम के साथ की गई।
तालुका विधिक सेवा समिति देवली सचिव विजय गौड़ ने बताया कि जलुथरिया ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य हर नागरिक के लिए निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अज्ञानता के कारण पात्र व्यक्तियों तक नहीं पहुँच पाता है, जिसे सुधारना ही इस शिविर का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने लोक अदालत, निशुल्क विधिक सहायता और पीड़ित प्रतिकर स्कीम की जानकारी दी। उन्होंने लिंग भेदभाव, कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह और दहेज समेत सामाजिक बुराइयों को खत्म करने पर जोर दिया। उपस्थित लोगों को आगामी 9 मई को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में बताते हुए अधिक से अधिक मामलों को राजीनामे के माध्यम से सुलझाने के लिए प्रेरित किया।
थानाधिकारी दौलत राम गुर्जर ने सामाजिक कुरीतियों को मिटाने और महिला सुरक्षा व आत्मरक्षा अभियान में पुलिस के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। तहसील महकमे ने स्वामित्व व प्रधानमंत्री योजना, महिला एवं बाल विकास विभाग ने पीएमएमवाई, कृषि विभाग ने कृषि यंत्रों और मंडी समिति ने कृषक साथी योजना के तहत सहायता राशि वितरित की।
नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी सुरेश मीणा ने सभी अधिकारियों, मीडिया और आमजन का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन अधिवक्ता राजकुमार कोठारी ने किया। इस दौरान शिक्षा, चिकित्सा, विद्युत, वन और पीएचईडी विभाग के अधिकारियों समेत कई अधिवक्ता और कर्मचारी उपस्थित थे।


