दो दिवसीय प्रधानाध्यापक वाक् पीठ संगोष्ठी का हुआ समापन
Deoli News 30 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) स्थानीय महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय देवली में आयोजित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की दो दिवसीय वाक्पीठ संगोष्ठी का गुरुवार को समापन हुआ। दूसरे दिन का शुभारंभ अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रधान लाल मीणा ने मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
यहां शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और संस्था प्रधानों के दायित्वों पर मंथन किया गया। संगोष्ठी के विभिन्न सत्रों में नामांकन वृद्धि, विद्यार्थियों के ठहराव, स्काउट गाइड गतिविधियों, निपुण भारत मिशन, बालिका शिक्षा, लेखा नियमों और परीक्षा परिणाम सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इन विषयों पर मुख्य वक्ता के रूप में मुकेश प्रजापत, महावीर माहेश्वरी, घनश्याम नगर, राजेंद्र सुराणा, सुमित्रा राठौर, भंवर लाल वैष्णव और ओम प्रकाश वर्मा ने अपने विचार साझा किए और नवाचारों को अपनाने पर बल दिया। इस अवसर सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें चालू शिक्षा सत्र में सेवानिवृत्त होने वाले मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हरिनारायण वैष्णव, अध्यापक बाबूलाल वर्मा और रामकुंवर मीणा सहित अन्य शिक्षकों का साफा पहनाकर एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश देने वाले साइकिल यात्री सुभाष बिश्नोई ने भी शिरकत की। बिश्नोई जिन्होंने नेपाल तक 32 हजार किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी की है, उन्होंने शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए अपना उद्बोधन दिया। संगोष्ठी के दौरान ‘हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ’ नामक पुस्तक का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया।

समापन समारोह में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हरिनारायण वैष्णव, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरुण शर्मा, प्रधान लाल मीणा और संस्था प्रधान राजीव शर्मा सहित कई शिक्षाविद उपस्थित थे।


