Deoli News 30 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में शनिवार देर शाम आए अचानक भीषण आंधी-तूफान ने शहर में भारी तबाही मचाई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शाम करीब 6:30 बजे शुरू हुए इस तूफानी बवंडर की गति इतनी तेज थी कि किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला।
इस आपदा का सबसे भयानक रूप गौरव पथ पर स्थित दो मेलों में देखने को मिला, जहां तेज हवाओं के कारण बड़े-बड़े टेंट और तंबू उखड़कर पूरी तरह फट गए। दुकानदारों को अपना सामान हटाने तक का वक्त नहीं मिला और उनका कीमती सामान बिखर गए। रोडवेज बस स्टैंड परिसर में भी हालात खराब रहे, जहां फल-सब्जी विक्रेताओं और छोटे दुकानदारों के ठेले पलटने लगे। दुकानदारों को इन्हें पलटने से बचाने के लिए पकड़कर खड़े होना पड़ा। हवा के प्रचंड वेग से चिप्स, नमकीन के पैकेट और पानी की बोतलें दूर-दूर तक बिखर गईं।
जिससे रेहड़ी-पटरी वालों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। शहर के अन्य हिस्सों में भी तूफान का असर साफ नजर आया, जहां घरों की छतों पर रखे सामान उड़ गए, गमले टूट गए और कई स्थानों पर वेंटिलेशन के लिए लगी फाइबर शीट भी उखड़ गईं। सड़कों पर पानी की टंकियों के ढक्कन उड़ते हुए देखे गए, जिससे शहर भर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
अचानक हुई इस प्राकृतिक मार ने छोटे कारोबारियों की कमर तोड़ दी है और हर तरफ नुकसान के निशान दिखाई दे रहे हैं।
मोबाइल में वाइब्रेशन के साथ गूंजा अलर्ट, 50 से 80 किमी रफ्तार की आंधी ने मचाई तबाही


