(चेतन वर्मा)
Deoli News 8 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) उपखंड अधिकारी देवली ने रूबी अंसार ने सोमवार को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दूनी का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुधार के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने नगर पालिका कार्यालय में चल रहे जनगणना कार्य की समीक्षा की। एक ओर प्रशासनिक कवायद चल रही है, तो दूसरी ओर दूनी सीएचसी की बदहाल सेवाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने टोंक में जिला कलक्टर को 7 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि गत 3 जून को हुई मौत के बाद प्रशासन ने जो सुधार के आश्वासन दिए थे, वे आज तक पूरे नहीं हुए हैं। यह केंद्र 22 हजार की आबादी और 50 से अधिक गांवों का आधार है।
लेकिन गंभीर मरीजों को निरंतर टोंक रेफर किया जा रहा है। ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में मामले की निष्पक्ष जांच, महिला चिकित्सक व एमडी फिजिशियन की नियुक्ति, जांच सुविधाओं का विस्तार, रात्रिकालीन ड्यूटी में अनुभवी स्टाफ की नियुक्ति, डॉक्टरों के जर्जर आवासों की मरम्मत, वार्डों की सुरक्षा और पूर्व विधायक कोष की एम्बुलेंस को पुनः शुरू करना शामिल है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि व्यवस्थाएं स्थायी रूप से नहीं सुधरीं, तो वे पुनः आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।



