Deoli News 11 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमाननगर थाने के कथित दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को देवली अभिभावक संघ के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस थाने में धरना गया।
इस प्रदर्शन में कई अधिवक्ता शामिल हुए और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की पुरजोर मांग उठाई। आरोप लगाया कि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाना आवश्यक है। वक्ताओं का कहना था कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो इससे कानून-व्यवस्था और न्यायिक प्रक्रिया पर आमजन का विश्वास प्रभावित होगा। करीब तीन घंटे तक चले इस धरना-प्रदर्शन के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह सोलंकी, पुलिस उप अधीक्षक, थानाधिकारी दौलतराम गुर्जर तथा प्रशिक्षु सीओ कुसुम मीणा मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों और अधिवक्ताओं व प्रतिनिधिमंडल के बीच तीन दौर की वार्ता हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि वार्ता के दौरान प्रशासन ने अपेक्षित सकारात्मक रुख नहीं अपनाया, जिसके कारण सहमति नहीं बन पाई। वहीं उपस्थित अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने और नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
देवली अभिभावक संघ ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध जल्द एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


