Deoli News 16 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में न्यायालय के पीछे स्थित विवेकानंद कॉलोनी में जलभराव की समस्या बढ़ती जा रही है। यहां मुख्य सड़क और गलियों में नालियों का गंदा पानी फैलने से आमजन, विशेषकर महिलाओं और बच्चों का आवागमन दूभर हो गया है।
प्लास्टिक और कीचड़ से नालिया अटी पड़ी है। पिछले एक सप्ताह से लगातार बिगड़ते हालात से स्थानीय निवासियों में नाराजगी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जलभराव का मुख्य कारण नाले में जमा कचरा है। बस स्टैंड के पास स्थित निकास द्वार के समीप कचरा डालने से यह कचरा बहकर नालों में फंस जाता है, जिससे नालियों का बहाव अवरुद्ध हो गया है। नाले चौक होने के कारण गंदा पानी उफनकर मुख्य सड़क और आसपास की गलियों में फैल रहा है। गंदगी और जलभराव के चलते बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका मंडल से तत्काल राहत की मांग की है। लोगों ने नगर पालिका मंडल से आग्रह किया है कि शहर में चल रहे सफाई अभियान के तहत विवेकानंद कॉलोनी के इन नालों की प्राथमिकता के आधार पर सफाई करवाई जाए।
ताकि गंदे पानी की निकासी सुचारू हो सके और लोगों को इस स्थिति से मुक्ति मिल सके। हालांकि यहां चुंगी नाके पर पड़ा कचरा नियमित उठाया जाता है। लेकिन नाले व नालियों की सफाई नहीं होने से समस्या बनी है।


