-
सैकड़ो लोगों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
-
देवली एसडीओं को दिया ज्ञापन
Deoli News 27 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत 35 करोड़ रुपए की लागत के नवीन राजकीय उप जिला चिकित्सालय के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने और पूर्व में आवंटित भूमि पर ही नया अस्पताल भवन बनाए जाने की मांग को लेकर सोमवार को क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में लोगों ने कहा कि अस्पताल के लिए पहले से जयपुर रोड स्थित म्हारो राजस्थान रिसोर्ट वाले मार्ग पर करीब 10 बीघा भूमि आवंटित की जा चुकी है। यह स्थान तकनीकी रूप से उपयुक्त होने के साथ पर्याप्त क्षेत्रफल वाला है, जिससे भविष्य में अस्पताल के विस्तार की भी पूरी संभावना बनी रहेगी। लोगों ने कहा कि इस स्थान तक शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों की सुगम पहुंच है तथा एम्बुलेंस सहित अन्य आपातकालीन वाहनों का आवागमन भी आसानी से हो सकेगा। राज्य के कई शहरों में जिला एवं उप जिला चिकित्सालय मुख्य आबादी से कुछ दूरी पर स्थित हैं और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए बड़े भूखंड की आवश्यकता स्वाभाविक होती है।
ऐसे में पूर्व में चयनित स्थल ही अस्पताल निर्माण के लिए सबसे उपयुक्त है। ज्ञापन में उल्लेख किया कि संबंधित विभागों और विशेषज्ञों द्वारा इस भूमि को तकनीकी दृष्टि से उपयुक्त माना जा चुका है। यदि अब निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब हुआ तो क्षेत्र की यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना प्रभावित हो सकती है। लिहाजा जनहित को ध्यान में रखते हुए पूर्व में आवंटित भूमि पर ही अस्पताल निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि देवली एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का समय पर लाभ मिल सके। वक्ताओं ने कहा कि शहर के कुछ लोग आमजन को अस्पताल की जगह को लेकर भ्रमित कर रहे हैं।
जबकि पहले का अस्पताल देवली में ही रहेगा। यह अस्पताल कहीं नहीं जाएगा। इस दौरान उपखंड अधिकारी कार्यालय और महावीर उद्यान में भी वक्ताओं ने संबोधित किया और जुलूस के रूप में उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे। ज्ञापन सौंपने वालों में निवर्तमान पालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन, पूर्व आईएएस शिवजी राम प्रतिहार, मनोज शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जैन, राजकुमार मीणा, मुकेश साहू सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद थे।


