ट्रैक्टर रैली निकाली, 10 दिन में समाधान नहीं तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
Jahazpur News 14 अगस्त (मोहम्मद आज़ाद नेब) स्थानीय लोगों को बजरी उपलब्ध नहीं होने के विरोध में शुक्रवार को क्षेत्रवासियों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। क्षेत्रवासियों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रखी और उपखंड अधिकारी छत्रपाल सिंह को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
आंदोलनकारियों ने स्थानीय लोगों को रियायती दर पर बजरी उपलब्ध कराने की मांग की। क्षेत्रवासी अपने ट्रैक्टर लेकर बारह देवरा में एकत्र हुए, जहां से रैली चावंडिया चौराहा, देवली रोड, गफूर चौराहा और बस स्टैंड होते हुए खेल स्टेडियम पहुंची। रैली के दौरान लोगों ने स्थानीय ट्रैक्टरों को बजरी नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। ज्ञापन में बताया कि जहाजपुर क्षेत्र में बनास नदी से निकलने वाली बजरी ईआरसीपी कंपनी द्वारा बड़े वाहनों, ट्रकों और डंपरों से ले जाई जा रही है, जबकि स्थानीय ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को बजरी उपलब्ध नहीं कराई जा रही। इसके चलते लोगों को निर्माण कार्यों के लिए महंगी दर पर बजरी खरीदनी पड़ रही है। आंदोलनकारियों के अनुसार बजरी संकट का असर निर्माण कार्य से जुड़े कारीगरों, मजदूरों, ट्रैक्टर मालिकों और चालकों की रोजी-रोटी पर भी पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कंपनी को गाद निकालने का ठेका दिया गया है और नियमानुसार किसानों को गाद नि:शुल्क उपलब्ध कराई जानी है, लेकिन इसके बावजूद गाद को ट्रकों और ट्रेलरों में भरकर ले जाया जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने स्थानीय ट्रैक्टरों को रियायती दर पर बजरी उपलब्ध कराने तथा सरकारी दर 60 रुपए प्रति टन के अनुसार रॉयल्टी राशि काटने की स्वीकृति देने की मांग की। खेल स्टेडियम पहुंचने के बाद रैली के नेतृत्वकर्ता एडवोकेट रामजस मीणा ने रॉयल्टी दर पर बजरी उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने 10 दिन के भीतर स्थानीय लोगों को रियायती दर पर बजरी उपलब्ध कराने का समाधान नहीं किया, तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।


