Deoli News 9 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका चुनाव के लिए बुधवार को हुए मतदान के दौरान प्रत्याशियों का मतदाताओं के प्रति अलग अंदाज देखने को मिला। मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशी दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं की मदद करते नजर आए।
कोई व्हीलचेयर लेकर पहुंचा तो कोई दिव्यांग मतदाता का हाथ थामकर उसे मतदान केंद्र तक ले जाता दिखाई दिया। कई प्रत्याशी बुजुर्ग मतदाताओं को सहारा देकर केंद्र तक पहुंचाने में जुटे रहे। हालांकि मतदान केंद्रों पर दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं की सहायता के लिए प्रशासन की ओर से वॉलंटियर्स भी तैनात किए गए हैं, लेकिन प्रत्याशी भी सेवा का यह मौका नहीं चूक रहे हैं। अपने क्षेत्र के मतदाताओं को सुविधा देने के लिए प्रत्याशी स्वयं आगे बढ़कर मदद करते दिखाई दिए। मतदान के दौरान प्रत्याशियों की नजर जहां अपने समर्थक मतदाताओं पर बनी रही, वहीं दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया।
चुनावी मैदान में जीत के लिए प्रत्याशियों के बीच भले ही कड़ा मुकाबला हो, लेकिन मतदाताओं की सेवा में भी कोई पीछे नहीं रहना चाहता। मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की भीड़ बनी रही। इधर, देवली बस स्टैंड आदर्श स्कूल स्थित मतदाता केंद्र के बाहर लगी भीड़ हटाने के लिए बार-बार सहायक उप निरीक्षक अब्दुल वहाब को मशक्कत करनी पड़ी।


