Deoli News 9 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली के गांधी पार्क स्थित मतदान केंद्र पर बुधवार को प्रत्याशियों के बार-बार मतदान केंद्र के अंदर-बाहर आने-जाने को लेकर हंगामा हो गया। इस दौरान कुछ प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने नाराजगी जताते हुए व्यवस्था पर सवाल उठाए।
विवाद उस समय बढ़ गया, जब कुछ प्रत्याशियों के बार-बार मतदान केंद्र परिसर में अंदर-बाहर जाने पर दूसरे प्रत्याशियों ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते मौके पर माहौल गरमा गया और प्रत्याशी व उनके समर्थक पुलिस से उलझते नजर आए। इस दौरान वहां मौजूद एक सहायक उप निरीक्षक की कार्यप्रणाली को लेकर भी कुछ लोगों ने नाराजगी व्यक्त की। मामले की सूचना पुलिस के उच्च अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही देवली थाना प्रभारी प्रीति मौके पर पहुंचीं और स्थिति को संभाला। काफी देर तक चली गहमागहमी के बाद पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
गांधी पार्क स्कूल परिसर में वार्ड नंबर 19, 20 और 21 के लिए मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां मतदान प्रक्रिया के दौरान यह विवाद सामने आया है। जानकारी में आया कि प्रत्याशियों की मतदान केंद्र से दूरी होने के नियम की पालना नहीं हो पा रही है।


