गणेश रोड स्थित रामद्वारा के पीछे जंगली क्षेत्र में मिला युवक का शव, हाथ में लगी मिली सिरिंज
Deoli News 10 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में नशे की लत एक बार फिर एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गई। गुरुवार सुबह गणेश रोड स्थित रामद्वारा के पीछे जंगली क्षेत्र में एक 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला।
घटना का पता गुरुवार सुबह उस समय चला, जब लोग वहां पहुंचे। सूचना पर देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। थाना प्रभारी प्रीति ने बताया कि मृतक की पहचान मस्तराज पुत्र शिवसिंह मीणा निवासी दांता ढाणी, थाना देवली के रूप में हुई है। मृतक की पहचान उसके जीजा फतेहलाल मीणा निवासी जयपुर रोड, देवली ने की। परिजनों के अनुसार मस्तराज पिछले करीब एक वर्ष से शहर के कोटा रोड स्थित नशा मुक्ति केंद्र में उपचार ले रहा था। बताया गया कि नशा मुक्ति केंद्र में रहने के दौरान भी उसके नशा करने की बात सामने आई थी।
बुधवार को ही केंद्र के कर्मचारियों ने उसके जीजा फतेह लाल को मस्तराज को वहां से ले जाने के लिए कहा था। उसे दांता ढाणी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में मस्तराज कुचलवाड़ा में उतर गया। उसके पास एक बैग था। इसके बाद परिजनों को उसका पता नहीं चला। पुलिस के अनुसार मस्तराज इसके बाद गणेश रोड स्थित रामद्वारा के पीछे बबूल के पेड़ों वाले क्षेत्र में पहुंचा। यहां एक बाबा का स्थान भी बना हुआ है, जहां लोग पूजा-अर्चना करते हैं। गुरुवार सुबह वह सफेद कट्टे पर मृत अवस्था में मिला। उसके हाथ पर लगी सिरिंज भी मिली, जिससे प्रथम दृष्टया नशे का सेवन किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी। मृतक ने काली जींस और शर्ट पहन रखी थी तथा उसके पास एक बैग भी मिला। बैग के पास पुलिस को एक पर्ची मिली, जिस पर मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। पुलिस ने उस नंबर पर संपर्क किया।

जिसके बाद मृतक के परिजनों की पहचान हो सकी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रीति रतनू, सहायक उप निरीक्षक भारत सिंह सहित पुलिसकर्मी इस्माइल और हुकुमनाथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जानकारी जुटाई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


