Deoli News 13 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्रीगणेश चतुर्थी पर क्षेत्र के बोरड़ा स्थित गणेश जी मंदिर में दो दिवसीय धार्मिक आयोजन होंगे। ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम के तहत 13 सितंबर को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
इसमें राजस्थानी लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। जबकि 14 सितंबर को विशाल गणेश चतुर्थी मेला आयोजित होगा। देवली शहर से करीब 6 किलोमीटर पश्चिम में बनास नदी के किनारे स्थित बोरड़ा गणेश जी मंदिर में गणेश चतुर्थी पर श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन कर विशेष झांकी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे। ट्रस्ट के अनुसार बारिश एवं बीसलपुर बांध में पानी की अधिकता के कारण नदी में स्नान करने एवं नौकायन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं से वाहन सड़क किनारे खड़े नहीं करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करने की बात कही गई है।
मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पुलिस एवं प्रशासन के अधीन रहेगी। गणेश चतुर्थी को लेकर शहर में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के रोडवेज बस स्टैंड परिसर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में विराजमान पंचमुखी गणेश जी महाराज के यहां भी गणेश चतुर्थी पर्व पर पूजा-अर्चना की जाएगी। इसे लेकर सुनील कुमावत ने भगवान गजानंद की प्रतिमा का श्रृंगार किया। गणेश चतुर्थी को लेकर शहर के विभिन्न गणेश मंदिरों में भी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसी तरह शहर व आसपास के लोग बासनी स्थित गणेश जी के भी दर्शनों के लिए भी जाते हैं।



