Deoli News 16 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर आज नामांकन का अंतिम दिन है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को अपराह्न 3 बजे तक अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे।
इसी बीच भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को लेकर पार्टी से जुड़े सूत्रों से महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार वार्ड नंबर 9 से भाजपा की निर्वाचित पार्षद कजोड़ी देवी को पालिकाध्यक्ष पद के लिए पार्टी प्रत्याशी बनाया जा सकता है। पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा में अध्यक्ष पद के लिए नगर पालिका चुनाव में भाजपा से निर्वाचित पार्षद को प्राथमिकता दिए जाने को लेकर मंथन चल रहा है। इसी के तहत कजोड़ी देवी के नाम को लेकर चर्चा प्रमुख रूप से सामने आ रही है। हालांकि भाजपा की ओर से प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। वही नाम में परिवर्तन भी संभव है। लेकिन मोटे तौर पर यह नाम उभर कर सामने आ रहा है।
ऐसे में अंतिम स्थिति नामांकन दाखिल होने अथवा पार्टी की अधिकृत घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। देवली नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को निर्धारित है। जबकि पालिका अध्यक्ष की सीट एससी रिजर्व है।



