Deoli News 10 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) गोवर्धन पूजन की रात देवली शहर में वर्षों से चली आ रही एक-दूसरे पर पटाखे फेंकने की गलत परंपरा पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सख्ती के बावजूद मंगलवार रात कुछ युवक नादानी करते नजर आए। इस दौरान अग्रवाल धर्मशाला, छतरी चौराहा, तेली मोहल्ला, कीर मोहल्ला की कुछ गलियों में आतिशबाजी फेंकी गई।

पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। खासकर तेली मोहल्ला, छतरी चौराहा और अग्रवाल धर्मशाला के पास पुलिस निगरानी रख रही है। थाना प्रभारी प्रीति रत्नू लगातार पुलिस जाप्ते के साथ शहर में गश्त कर रही हैं और युवकों को समझाइश देकर आतिशबाजी फेंकने से रोक रही हैं। इस दौरान पुलिस ने कई स्थानों पर युवकों की भीड़ को हटाकर शांति बनाए रखने की अपील की। वहीं तेली मोहल्ले में पार्षद विनोद साहू और रवि साहू भी लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने युवाओं से एक-दूसरे पर पटाखे फेंकने की बजाय शांतिपूर्वक आतिशबाजी का आनंद लेने की बात कही।

पार्षदों ने समझाया कि इस तरह की आतिशबाजी से दूसरों के साथ खुद को भी नुकसान पहुंच सकता है। उधर, थाना प्रभारी प्रीति पुलिसकर्मी इस्माइल सहित समेत जाप्ते के साथ लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इसके अलावा उप निरीक्षक महावीर प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक इमरान, अब्दुल वहाब बजरंग लाल भी गश्त कर रहे हैं।



