मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौपा, नशे के व्यापार पर रोक लगाने की मांग
Deoli News 27 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) करीब 10 दिन पूर्व निवारिया निवासी लोकेश कुमार जाट की मौत के मामले में आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम देवली उपखंड अधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौपा है।
ज्ञापन में बताया कि निवारिया निवासी लोकेश कुमार पुत्र केसरलाल जाट को 18 अगस्त को सौरभ सांसी, धीरज सांसी, भूपेंद्र, कृष्ण राकेश समेत युवकों ने रंजिशवश नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया। जिसकी उसकी तबीयत खराब हो गई और बाद में 19 अगस्त को लोकेश की जयपुर में मौत हो गई। मामले में दूनी थाने में प्रकरण दर्ज करवाया गया। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन में बताया कि इससे एक माह पूर्व लोकेश के साथ उक्त समाज के युवकों ने बुरी तरह मारपीट की थी। उस दौरान भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ज्ञापन में पोल्याड़ा चौकी पुलिस स्टाफ बदलने की मांग की। वहीं घटना के बावजूद गांव में बेचे जा रहे स्मेक व नशीले पदार्थ पर रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक लोकेश के चार वर्षीय पुत्र थैलेसीमिया बीमारी से ग्रसित है। वहीं परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। लिहाजा ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से आर्थिक सहायता दिलाने की गुहार लगाई है।
वही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर स्मेक के कारोबार पर अंकुश लगाने की मांग की है। इसी तरह राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के तहसील अध्यक्ष रणवीर सिंह पंवार ने स्मेक व नशे पर पूर्ण तरह प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया है।


