-
जहाजपुर व शाहपुरा को रेलवे लाइन से जोड़ने की कोशिश
-
त्रिवेणी से कोटडी के बीच बांध बनाने का प्रयास
-
डेढ़ करोड़ रुपए की लागत के बने विकास कार्यों का लोकार्पण
Jahazpur News 6 जुलाई (आज़ाद नेब) सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में शनिवार को डीएमएफटी फंड डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से निर्मित जननी सुरक्षा वार्ड, इंसेंटिव केयर यूनिट एवं चिकित्सक स्टाफ क्वार्टर्स का लोकार्पण सांसद दामोदर अग्रवाल एवं विधायक गोपीचंद मीणा ने किया।
इनमें इंसेंटिव केयर यूनिट चार बेड का बनाया गया है। जिसमें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध है। जननी सुरक्षा वार्ड 20 बेड का बनाया गया है। इसमें प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को शिफ्ट किया जाएगा। मेडिकल चिकित्सक स्टाफ के लिए सुविधा युक्त चार क्वार्टर्स बनाए गए है। मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि आप लोगों ने जहाजपुर के व्यक्ति को देश की सबसे बड़ी पंचायत में भेजा। इसके लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नौ चौक से चावंडिया चौराहे तक पचास फीट चौड़ा रोड़ बनने की बजट मे घोषणा की जाएगी। भीलवाड़ा में टेक्स्टाइल पार्क बनेगा। जिसमें 25 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं टेक्स्टाइल इंडस्ट्रीज का टर्नओवर एक लाख हजार करोड़ का हो जाएगा। बीसलपुर बांध के पानी पर भीलवाड़ा का हक़ पहले है। लेकिन हमें नहीं मिल रहा है।
इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल से आग्रह किया है कि त्रिवेणी से कोटडी के बीच बांध बने। इसके अलावा जहाजपुर व शाहपुरा को रेलवे लाइन से जोड़ा जाएं। समारोह के अध्यक्ष विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे। जहाजपुर में उप जिला अस्पताल बनाने एवं उसके लिए 29 बीघा जमीन आवंटन पर मुख्यमंत्री के प्रस्ताव भेजा जाएगा। समारोह में विशिष्ट अतिथि नगर पालिका चेयरमैन नरेश मीणा, नंद भंवर सिंह, रामप्रसाद टांक, ब्रजराज खींची, उपखंड अधिकारी सुरेंद्र बी पाटीदार, तहसीलदार रवि कुमार मीणा, सीएमएचओ डॉ. विष्णु दयाल मीणा, बीसीएमओ डॉ. अशोक जाट सीएससी प्रभारी डॉ. नईम अख्तर, थानाधिकारी नरपत राम बाना, भाजपा नेता राकेश पत्रिया, कैलाश टेपण, महेंद्र खटीक, चिकित्सालय स्टॉफ सहित अन्य अधिकारी व लोग मौजूद थे।



