Deoli News 27 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) उपखंड स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन रविवार को चांदली माता मन्दिर परिसर में आयोजित हुआ। इस मौके पर स्थानीय विधायक राजेंद्र गुर्जर की अध्यक्षता में पौधारोपण हुआ।
इस दौरान 3 हजार पौधों का रोपण किया गया, जिनमें नीम, शीशम, गुलमोहर, कल्पवृक्ष, कचनार, बरगद, पीपल, सैमल, गुलर सहित प्रजातियों के पौधे शामिल थे। विधायक ने स्थानीय लोगों से लगाए गए पौधों की पूर्णतया सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प करवाया। वनमहोत्सव के दौरान क्षेत्रीय वन अधिकारी ने स्थानीय जनता को तुलसी के पौधों का वितरण किया। यहां आमजन और जनप्रतिनिधियों ने पौधों की सुरक्षा का जिम्मा लिया। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी रुबी अंसार, विकास अधिकारी देवली, तहसीलदार देवली वीरेंद्र सिंह शक्तावत और उपखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। वन महोत्सव का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देना है।
कल्पवृक्ष का युगल रौपा
श्रीपशुपतिनाथ महादेव मंदिर जयपुर रोड पर हरियाली तीज व हरियालो राजस्थान अभियान व एक पेड़ मां के नाम के अभियान के तहत महिलाओं द्वारा कल्पवृक्ष का युगल लगाया गया। इसी तरह कदम, सहजन, शीशम, नीम के पौधे लगाए गए। यहां कॉलोनी की मंजू मीणा, गायत्री वैष्णव, सुनीता चौधरी, सपना मीणा, ममता मीना, रेनू कुमावत, संपत्ति जांगिड़, रानी मीणा आदि महिलाएं थी।
दूनी में कार्यक्रम का आयोजन हुआ
दूनी में महिला-बाल विकास विभाग के आह्वान पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा खेल मैदान में पौधारोपण किया गया। महिला पर्यवेक्षक राजनती मीणा ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने छायादार और फलदार पौधे लगाए और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कृषि उपज मंडी समिति दूनी में भी पौधारोपण किया गया। हरियाली तीज पर अशोक, बेलपत्र, शीशम, गुलमोहर के पौधे लगाए गए। यहां मंडी समिति के सचिव और व्यापारी मौजूद थे।



