निरीक्षक स्तर है हनुमान नगर थाने का
Deoli News 8 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक जिले की सीमा पर स्थित शाहपुरा जिले के हनुमान नगर थाने की बागडोर पिछले काफी वक्त से उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी संभाल रहे हैं। जबकि यह थाना निरीक्षक स्तर पर क्रमोन्नत हो चुका है। लेकिन अब भी यहां उप निरीक्षक ही थाने की कमान संभाल रहे हैं।
गौरतलब है कि काफी समय पूर्व यहां कानून व्यवस्था के लिहाज से हनुमान नगर थाना शुरू किया गया। शुरुआत में यह थाना शहर के कोटा रोड पर एक निजी भवन में कुछ वर्षों तक संचालित हुआ। इसके बाद इसी मार्ग पर चिंताहरण बालाजी के करीब हनुमान नगर थाने का स्वयं का भवन बना। शुरुआती दौर में अपराधों की स्थिति एवं कानून व्यवस्था को देखते हुए यहां उपनिरीक्षक ही थाना प्रभारी के रूप में लगाए गए। लेकिन करीब 5 वर्षों पूर्व मुख्यमंत्री की बजट घोषणा में उक्त थाने को निरीक्षक स्तर पर क्रमोन्नति किया गया। इस घोषणा के अनुरूप केवल 2 थाना प्रभारी निरीक्षक स्तर के भी लगाए गए। लेकिन इसके बाद से फिर से यह थाना सब इंस्पेक्टर प्रभारी की देखरेख में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक निरीक्षक मोहम्मद इमरान के बाद से सभी थाना प्रभारी उप निरीक्षक स्तर के लगाए गए। लिहाजा हनुमान नगर थाना आज भी उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।



