जाम में परेशान आम, जख्मी सड़क पर मौत का सफर
Deoli News 30 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के कोटा रोड अजमेर बाईपास तिराहे पर जख्मी सड़क लोगों को जाम का दर्द दे रही है। यहां शुक्रवार शाम वाहनों का लंबा जाम लग गया। जिसे निकलने में लोगों को एक घंटा लग गया।
दरअसल यहां अजमेर-कोटा बाईपास तिराहे पर पेट्रोल पंप के समीप काफी बड़े गड्ढे हो चुके हैं। जिनका आकार अब बहुत अधिक फैल गया है। लिहाजा यहां से गुजरने वाले छोटे बड़े सभी तरह के वाहनों को धीमी रफ्तार के साथ संतुलित होकर निकलना पड़ता है। ऐसा नहीं करने पर वाहन पलटने का अंदेशा रहता है। इसके चलते आए दिन यहां वाहनों का लंबा-लंबा जाम लग रहा है। शुक्रवार शाम 4:30 बजे उक्त बाईपास पर एक बार फिर एक किलोमीटर से अधिक लंबा वाहनों का जाम लग गया। बाईपास पर अजमेर की ओर नाना होटल तक एवं कोटा रोड की ओर चिंताहरण बालाजी से आगे तक वाहनों का जाम लग गया। इस बीच रोडवेज की यात्री बसें, निजी कारे भी फस गई। लोगों को इस जाम में एक घंटे तक फंसे रहना पड़ा। हालांकि यह समस्या एक-दो दिन पुरानी नहीं है, बल्कि पिछले डेढ़ माह से यही हालात बने हैं।
जहां बारिश के बाद हुए गड्ढे लोगों को दर्द दे रहे हैं। उधर, प्रशासनिक व्यवस्था समस्या को नजरअंदाज कर रही है। इसी तरह बाईपास पर नाना होटल के समीप आधा दर्जन से अधिक ऐसे बड़े गड्ढे हो चुके हैं। जिनमें पूरी कार समा रही है। यहां ट्रक, ट्रेलर व बसे बेहद धीमी रफ्तार से गुजर कर हादसे से बच रही है। थोड़ी सी लापरवाही में यहां वाहन पलट सकता है। लेकिन इस ओर शासन का ध्यान है ना प्रशासन का। अलबत्ता आमजन परेशानी का दर्द भुगत रहा है। जबकि यह टोल रोड है जिसकी अंतिम सीमा बाईपास की तिराहे तक है।



