एसडीओं को सौंपा ज्ञापन
Deoli News 14 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका क्षेत्र के देवली गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान की भूमि पर कथित तौर पर अवैध रूप से किए जा रहे सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों और विद्यार्थियों में नाराजगी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि खसरा नंबर 5331/2400 की भूमि का सीमांकन तहसीलदार द्वारा गठित टीम द्वारा पहले ही किया जा चुका है। आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित ठेकेदार नियमों को ताक पर रखकर खेल मैदान की जमीन पर कब्जा कर सड़क निर्माण कार्य करवा रहा है। इस अतिक्रमण के कारण खेल मैदान का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है, जिससे विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक खेल गतिविधियां बाधित हो रही हैं। सोमवार को ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इस अवैध निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा कि दोषी ठेकेदार और संबंधित लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
ताकि भविष्य में सरकारी संपत्ति को सुरक्षित रखा जा सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही खेल मैदान को अतिक्रमण मुक्त कर इसे सुरक्षित करने की स्थाई व्यवस्था नहीं की गई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान कई ग्रामीण मौजूद थे।



