20 से अधिक गौवंश मुक्त कराया
Deoli News 13 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रीय राजमार्ग जयपुर पर दौलता मोड़ से शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे गौसेवकों ने गोवंश से भरे एक कंटेनर को पकड़ा है। गौसेवक परमेश्वर खटीक ने बताया कि सूचना मिली भीलवाड़ा की ओर से गोवंश से भरा एक कंटेनर देवली की ओर आ रहा है।
इस पर उक्त कंटेनर को अजमेर कोटा बायपास पर रोकने का प्रयास किया। लेकिन कंटेनर चालक तेज गति से देवली की ओर चला गया। इसके बाद दौलता मोड पुलिया के समीप कंटेनर को रुकवाया। लेकिन बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर कंटेनर का चालक मौके से फरार हो गया। जब कंटेनर को खोलकर देखा गया तो उसमें 20 से भी अधिक गोवंश भरे हुए थे। मामले की सूचना पर देवली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गौ सेवकों के सहयोग से कंटेनर को देवली गौशाला लेकर आए। जहां गोवंश को सुरक्षित पहुंचा दिया। गौसेवकों ने बताया कि इस दौरान कंटेनर को एक निजी एंबुलेंस भी एस्कॉर्ट कर रही थी, जो मौका पाकर निकल गई।
इस दौरान भगत सिंह गौशाला दूनी, मां बीजासन गौशाला कुंचलवाड़ा, श्री श्याम गौशाला केकड़ी और सांवरिया सेठ गौशाला के सदस्य मौजूद रहे। वहीं पुलिस ने गोसेवकों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि देवली व देवली शहर के आसपास कई गौशालाएं संचालित होने से गोतस्करों की अब मुश्किलें बढ़ती जा रही है। अब तक इन गौशाला संचालकों ने दो दर्जन से अधिक वाहन पकड़े है। जिनमे कई गोवंश भरे हुए थे।



