बीडीओ ने जारी किए थे निर्देश
Jahazpur News 13 जुलाई (आज़ाद नेब) ग्रामीणों से मकानों पर नंबर प्लेट लगाने के नाम पर एक एनजीओ द्वारा अवैध वसूली का मामला सामने आया है। पंचायत समिति क्षेत्र के मकानों पर राष्ट्रीय कार्यक्रमों के नारों युक्त एल्युमिनियम नंबर प्लेट लगाने को लेकर पंचायत समिति विकास अधिकारी पुरुषोत्तम शर्मा ने एक एनजीओ को लेटर जारी किया था।
वहीं सरपंच, उप सरपंच, वार्ड पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, राशन डीलर को सहयोग के लिए निर्देश दिए। इस संबंध में सरकार ने कोई आदेश जारी नहीं किया है और न ही पंचायती राज विभाग ने शुरूआत की है। इस मामले को लेकर पंचायत समिति विकास अधिकारी पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद शाहपुरा के पत्र क्रमांक 2024/197/19 जनवरी के आदेश अनुसार निर्देश जारी है। जबकि जिला परिषद ने इस आदेश को पूर्व में वापस ले लिया था। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले अजमेर जिले के सेदरिया ग्राम पंचायत मे ऐसा ही मामला सामने आया था।
लोगों ने पूर्व सरपंच की मदद से मकान नंबर प्लेट के नाम पर अवैध वसूली कर रहे गिरोह के एक सदस्य को पकड़ लिया था। पूर्व सरपंच व ग्रामीणों ने जब युवक विकास को डांट फटकार लगाकर पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि वह गाजियाबाद (यूपी) का रहने वाला है। यह युवक ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित कराने की धमकी देकर मकान पर नंबर प्लेट लगाने के लिए बाध्य करता आ रहा है।
मकान नंबर प्लेट लगाने का यह काम श्रीनगर व पुष्कर क्षेत्र के साथ जिले की अन्य ग्राम पंचायतों में चल रहा है।


