Deoli News 23 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रीय राजमार्ग कोटा पर टीकड़ गांव के समीप बुधवार दोपहर मूंगफली के तेल से भरा एक टैंकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से तेल रिसाव होने लगा।
जिसे एकत्र करने के लिए सैकड़ो ग्रामीणों की भीड़ उमड़ गई। जानकारी के अनुसार निवाई से कोटा जा रहा यह मूंगफली का तेल का टैंकर (बिना फिल्टर) यहां गायत्री विहार कॉलोनी के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से तेल बहने लगा। वही घटना के बाद मौके पर कोई चालक, खलासी नहीं मिला। तेल बहने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण ड्रम, बर्तन, स्टील टंकी, केतली आदि, जिसे जो बर्तन मिला लेकर मौके पर पहुंचा और तेल एकत्र करने लग गए। सूचना पर हनुमान नगर थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल प्रहलाद मौके पर पहुंचे और लोगों की भीड़ को हटाने की कोशिश की।
लेकिन ग्रामीण एवं महिलाएं तेल इकट्ठा करने में इस कदर जुट गए कि उन्हें पुलिस के निर्देशों का भी ख्याल नहीं रहा। तेल लूटने की होड़ के चलते हाईवे पर यातायात बाधित रहा। लोग रुककर यह माजरा देखने लगे और वीडियो बनाएं। पुलिस ने बताया कि मौके पर कोई खलासी एवं चालक नहीं मिला है। यह कच्ची मूंगफली के तेल का टैंकर है। जिसकी क्षमता 30 हजार करीब बताई जा रही है। जिसमें हजारों लीटर तेल भरा था।



