टोंक हादसे के बाद चेता प्रशासन
Deoli News 13 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक स्थित बनास नदी के जल भराव में पिछले दिनों हुई बड़ी त्रासदी के बाद स्थानीय जिला प्रशासन हरकत में आया है। प्रशासन ने इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र के लोगों एवं अनजान लोगों को जल स्रोतों की गहराई का पता लग सके।
इसके लिए चेतावनी बोर्ड और गेज लगाने का निर्णय लिया है। स्थानीय प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अधिकारियों को पत्र लिखकर जल स्त्रोत पर चेतावनी बोर्ड और गेज लगाने के निर्देश दिए हैं। जिन जल स्रोतों पर चेतावनी बोर्ड और गेज लगाए जाएंगे, उनमें क्षेत्र के बीसलपुर बांध, बोरड़ा गणेशजी, बनास नदी का रपटा राजमहल, राजकलेश्वर आंवा, ढूंणजा माता दूनी और संथाली खाळ शामिल हैं। जहां अब चेतावनी बोर्ड के साथ गेज की जानकारी लगाई जाएगी।
गौरतलब है कि टोंक में गत दिनों फ्रेजर पुलिया के करीब जयपुर से पिकनिक मनाने आए 8 युवकों की डूबकर मौत हो गई थी, जो प्रदेश का एक बड़ा मामला था। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने जल स्रोतों पर सुरक्षा उपायों को बढ़ाने का निर्णय लिया है।


