Jahazpur News 16 जुलाई (आज़ाद नेब) जिला कलक्टर की अध्यक्षता में मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे जिला कार्यालय शाहपुरा में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हुई। इस दौरान जिले में सफाई व्यवस्था, विभिन्न विभागों को भूमि आवंटन, राजकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने एवं शहर के नए मास्टर प्लान पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह शेखावत ने अधिकारियों को बजट घोषणाओं की त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। सब्जी मण्डी को लेकर नगर पालिका अधिशासी अधिकारी राघव मीणा को जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव तैयार कर भिजवाने को कहा गया। ईओ राघव मीणा ने कहा कि पूर्व में जो सब्जी मण्डी है, वेब तालाब की पाळ पर है। किसी अन्य जगह पर जमीन आवंटित करें फल-सब्जी व्यापारियों की मांग है। इस पर जिला कलक्टर ने कहा कि उपयुक्त जगह का चयन कर प्रस्ताव भिजवाए। कलक्टर शेखावत ने नगर पालिका जहाजपुर में नगर निकाय की जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए आवश्यक पुलिस जाप्ते की मांग पर पुलिस अधिकारी को निर्देश दिए।
स्थानीय नगर निकायो के राजस्व के लिए उपखण्ड अधिकारी सुरेंद्र बी पाटीदार को माण्डलगढ़ रोड एवं बादर अली बाबा रोड पर जमीन एवं पेराफैरी की जमीन को नगर पालिका को हस्तानांतरित करने के प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका चेयरमैन नरेश मीणा, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग, थानाधिकारी उपस्थित थे।


