तीन आरोपी गिरफ्तार, गत 13 जून देर रात की घटना
Deoli News 17 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) थाना क्षेत्र के नेगडिया गांव में पिछले दिनों बुजुर्ग की मारपीट कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन जनों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने जादू टोना करने के संदेह में बुजुर्ग से मारपीट की थी।
थाना प्रभारी राजकुमार नायक के अनुसार गत 13 जून रात 12:30 से एक बजे के बीच नेगडिया गांव में कैलाश कीर (60) पुत्र मांगीलाल कीर पर वहीं के भैरू कीर व उसके परिजनों, अन्य ग्रामीणों ने हमला कर दिया था। दरअसल यह हमला व मारपीट टोना टोटका का आरोप लगाते हुए की गई। इस दौरान कैलाश कीर के साथ थाप, मुक्का व लकड़ियों से मारपीट की गई। जिससे उसके अंदरूनी चोटे आई। घायल अवस्था में उसे देवली सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि 14 जून की सुबह कैलाश कीर ने दम तोड़ दिया।
इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक देवली रामसिंह समेत उच्च अधिकारियों के सुपरविजन में देवली थाने की टीम गठित की गई। थाना प्रभारी राजकुमार के नेतृत्व में टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने अभियुक्तों के संभावित ठिकानो व मकानों पर लगातार दबिश दी एवं मौका पाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने भेरूलाल कीर पुत्र हरिप्रसाद कीर निवासी, बाबूलाल पुत्र हरिप्रसाद कीर निवासी व हरिप्रसाद उर्फ हरीलाल कीर सभी निवासी नेगडिया को अपराध प्रमाणित पाए जाने पर गिरफ्तार किया है।
गठित पुलिस दल में सहायक उपनिरीक्षक करण सिंह, हेड कांस्टेबल रामेश्वर, पुलिसकर्मी जगदीश, प्यारेलाल, हुकमनाथ, नरेंद्र शामिल थे।


