“आओ बनाए हरियालो राजस्थान”, 3 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण
Desk News 7 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हरियाली तीज पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के एक पेड़ मां के नाम-आओ बनाएं हरियालों राजस्थान की संकल्पना को लेकर बुधवार को जिले में एक दिन में एक साथ 5 लाख 84 हजार 482 पौधों का रोपण कर ’’हरियालों टोंक’’ का संकल्प लिया गया।
माण्डव ऋषि की तपोभूमि, मांडकलां नगरफोर्ट में आयोजित जिला स्तरीय मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाभियान (एक पेड़ मां के नाम) के तहत प्रदेश के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जिला परिषद मद से 2 करोड़ 38 लाख की राशि से स्वीकृत कुल 33 विकास कार्यों तथा राजस्थान पर्यटन विकास निगम लिमिटेड द्वारा स्वीकृत 43.10 लाख रुपए एवं मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना में 18 लाख रुपए की राशि से कराए गए विभिन्न कार्यों का लोकार्पण किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण के लिए एक पेड़ मां के नाम अभियान से आने वाली पीढ़ियों के खुशहाल भविष्य को बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं से हर वर्ग को राहत देने के लिए कृत संकल्पित है।
गरीब परिवार की महिलाओं को धुएं से राहत देने के लिए रसोई गैस सिंलेडर सब्सिडी योजना के तहत प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना एवं चयनित बीपीएल परिवारों की महिलाओं को एक जनवरी 2024 से रसोई गैस सिंलेडर 450 रुपए में मिल रहा है। अब प्रदेश के मुख्यमंत्री ने एनएफएसए में आने वाले परिवारों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इससे निश्चित तौर पर गरीब परिवारों आर्थिक संबल मिलेगा। कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त राजस्थान के तहत जिला परिषद की ओर से राजीविका की स्वयं समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए कपड़े के बैग का आमजन में वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रमुख सरोज बंसल, जिला प्रभारी सचिव अर्चना सिंह, जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, पूर्व विधायक अजित सिंह मेहता एवं राजेंद्र गुर्जर, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, बीजेपी नेता विजय बैंसला समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।


