जिला प्रभारी सचिव ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक
Desk News 28 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जिला प्रभारी सचिव प्रकाश चंद्र शर्मा मंगलवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर टोंक पहुंचे। पहले दिन उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, हीटवेव एवं मौसमी बीमारियों समेत अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की।
इस दौरान जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रभारी सचिव ने कहा कि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों की पेयजल समस्या का त्वरित समाधान करें। पेयजल की कम मात्रा, प्रेशर से पानी नहीं आना, अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचने, दूषित पानी की सप्लाई, पेयजल लाइनों में लीकेज, अवैध नल कनेक्शन से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएं। साथ ही कंट्रोल रूम सहित दूरभाष पर आने वाली शिकायतों का भी उसी दिन समाधान करने का प्रयास करें। जिला प्रभारी सचिव ने कहा कि विद्युत आपूर्ति के समय वोल्टेज ठीक रहे। जिन क्षेत्रों में कम वोल्टेज से विद्युत सप्लाई की सूचना मिले, वहां विद्युत आपूर्ति में सुधार करें।
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति में व्यवधान होने पर उसे शीघ्र दुरुस्त करें। विद्युत ट्रिपिंग, फॉल्ट आदि के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित नहीं हो।जिला प्रभारी सचिव ने सभी चिकित्सा संस्थानों में जिले के उच्च अधिकारियों को निरीक्षण करने के निर्देश दिए। खराब कूलर, पंखे एवं एसी को शीघ्र ठीक कराया जाएं। उन्होंने सीएमएचओ से हीट वेव एवं मौसमी बीमारियों से संबंधित स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने एक मई से ओपीडी में आने वाले रोगियों की संख्या की जानकारी लेते हुए दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए।
गौशालाओं में हीट वेव एवं गर्मी से पशुधन को स्वस्थ रखने के लिए सूखे व हरे चारे व पेयजल की उचित व्यवस्था रहनी चाहिए। जिला प्रभारी सचिव ने पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. छोटूलाल बैरवा से गौशालाओं को मिले अनुदान की स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।



