Deoli News 28 मई ( दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में तीसरे दिन भी 46 डिग्री का कहर जारी रहा। मंगलवार सुबह से मौसम उबलने लगा। जिससे नहाने के बावजूद लोग पसीने से लथपथ हुए।
पानी की टँकियो में पानी उबलने लगा। यहीं हालात आज भी जारी रहे। गर्मी के कहर ने लोगों को घरों में बंदी बनने पर मजबूर कर दिया। दोपहर बाद तो जैसे-जैसे पारा चढ़ता गया। बाजार, मोहल्ले, कालोनियां सुनसान हो गई। यातायात से हर समय गुलजार रहने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज गर्मी का लॉक डाउन लग गया। ट्रक चालकों ने भी बीच रास्तो में बने ढाबों, होटलों, पेड़ो की घनी छाया के नीचे विश्राम करते देखे गए। महीने के आखरी मंगलवार होने के कारण शहर के बाजार लगभग 50 फीसदी बंद रहे। घरों की छतों पर लगी टँकियो में पानी ऐसा उबलने लगा कि हाथ डालना भी मुश्किल हो गया। अपराह्न 3 बजे का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस दौर में पैदल, दुपहिया वाहनों पर चलने वाले लोगो को जैसे गर्म भट्टी में चलने का एहसास हुआ। मौसमी पूर्वानुमान के मुताबिक आज की रात भी बेहद गर्म रहने वाली है। मंगलवार रात का न्यूनतम तापमान 33 डिग्री तक रहने का अनुमान है। हालात ये है कि कूलर, एसी भी लोगो को राहत नही दे पा रहे है।
जमकर हो रही है कूलर व एसी की बिक्री
देवली के दो बड़े इलेक्ट्रॉनिक अप्लायंस शोरूम संचालकों का कहना है कि कूलर की बिक्री इस कदर है कि महज 6 से 8 घंटे में कूलर खत्म हो रहे हैं। प्रतिदिन कूलर के ऑर्डर देने पड़ रहे हैं। बावजूद इसके पूर्ति नहीं हो पा रही है। इस बार एयर कंडीशनर में ग्रामीणों ने भी रुचि दिखाई है। ग्रामीण क्षेत्र में भी जमकर एसी लगे हैं।


