Deoli News 31 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर बांध के कैचमेंट एरिया में हुई बारिश एवं पानी की आवक बाद डैम के रेडियल गेटों से एक बार फिर पानी निकासी की मात्रा बढ़ाई गई है। यहां बीसलपुर बांध से रविवार को अपरान्ह 3 बजे पानी की निकासी अधिक की जा रही है।
यहां बांध के तीन गेटों से पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे बनास नदी में 24 हजार 40 क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है। बीसलपुर कंट्रोल रूम की सूचना के अनुसार वर्तमान में बीगोद स्थित त्रिवेणी का गेज 4 मीटर पर पहुंच गया है, जो बढ़ रहा है। जबकि बांध के गेट नं 9 और 11 को एक मीटर तक खोला गया है, जिससे 6010 क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है, जबकि गेट नं 10 को 2 मीटर तक खोला गया है, जिससे 12020 क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है। बांध की कुल भराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर है। जिसे यथावत रखकर अधिशेष पानी की निकासी की जा रही है। अब तक बांध की कुल संग्रहण क्षमता का 50 फीसदी से अधिक पानी छोड़ा जा चुका है।



