Deoli News 28 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) समीप के देवली गांव में कई समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, जिन पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है, नहीं तो ग्रामीणों को परेशानी होगी।
यहां हाल ही में सरपंच रह चुकी शीला कंवर ने बताया कि देवली के धौलाई सागर तालाब की पाळ नाजुक स्थिति में है, जो इस बार की बारिश में अधिक पानी आने से टूट सकती है। जबकि अगले महीने मानसून सत्र शुरू होगा। गत वर्ष भी तेज बारिश से यह पाळ टूट गई थी, जिसे मिट्टी के कट्टे लगाकर दुरुस्त किया गया था। धौलाई सागर में देवली शहर का पूरा पानी आता है, जिसकी भराव क्षमता कई फीट है। शीला कंवर ने बताया कि प्रशासन को इसे तत्काल दुरुस्त किया जाना चाहिए, नहीं तो इस वर्ष तेज बारिश में यह तालाब की पाळ टूट सकती है। इससे ग्रामीणों को नुकसान होगा। लेकिन प्रशासन अभी तक सुध नहीं ले रहा है।
स्कूल के बाहर गंदगी
इसके अलावा, देवली गांव के हायर सेकेंडरी स्कूल के बाहर गंदगी के अंबार लगे हैं। स्कूल के बाहर मुख्य मार्ग पर कचरा फैल रहा है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। पूर्व सरपंच शीला कंवर ने बताया कि स्कूल के बाहर की सफाई व्यवस्था सुधारने की आवश्यकता है।
ग्राम पंचायत के अस्तित्व खत्म होने से परेशानी
हाल ही में ग्राम पंचायत देवली गांव के संपूर्ण क्षेत्र को नगर पालिका देवली में शामिल कर लिया गया है, जिससे ग्राम पंचायत का अस्तित्व खत्म हो चुका है। ग्राम विकास अधिकारी समेत स्टाफ हटा दिया गया है। इससे स्थानीय ग्रामीणों को कई कामकाजों के लिए परेशान होना पड़ रहा है। विद्यार्थियों को चरित्र प्रमाण पत्र बनाने के लिए भी भटकना पड़ रहा है।
इसकी वजह नगर पालिका प्रशासन देवली इस तरह के प्रमाण पत्र जारी नहीं कर रही है। वहीं पंचायत खत्म हो गई। शीला कंवर ने बताया कि इन समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द किया जाना चाहिए।


