लोक संस्कृति के पुरोधा बने-सैनी
Deoli News 28 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आवां कस्बे के गुप्तेश्वर शिवालय पर मंगलवार रात आयोजित भजन संध्या में तीजा गीतों की धूम रही। इसमें कस्बे सहित कल्याणपुरा की तेजा गायक दलों ने मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे सुनने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु देर रात तक डटे रहे।
इस दौरान तेजाजी महाराज के जयकारों से बसस्टैंड का पूरा परिवेश गूंज उठा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कृषि मंत्री व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुलाल सैनी थे। इस अवसर पूर्व मंत्री ने कहा कि तेजाजी हमारे लोक देवता हैं। तेजाजी की समितियों की ओर से गाए जा रहे तीजा गीतों से लोक देवता की आराधना होने के साथ लोक संस्कृति व कला की महक उड़ती है। भाईचारा व अपनत्व बढ़ता है। सामाजिक समरसता व सौहार्द को बढ़ावा मिला है। ऐसे आयोजनों से हमारे पुरुखों का यशोगान होने के साथ प्राचीन व पुरातन परम्पराओं को पोषण मिलता है। इसके लिए आम आदमी को लोक संस्कृति के संरक्षण व प्रोत्साहन का पुरोधा बनने की जरूरत है। कस्बेवासियों व तेजा समितियों की ओर से पूर्व मंत्री सैनी का राजस्थानी परम्पराओं के अनुसार तिलक लगाकर, माला व साफ़ा पहनाकर स्वागत किया गया।
पूर्व मंत्री सैनी की अगुवाई में कल्याणपुरा से आए भजन गायकों पंच पटेलों के साथ आयोजन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले लगभग तीन दर्जन धर्मावलंबियों का भी स्वागत व सत्कार किया गया। इस अवसर पर युवा शक्ति के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रही। समिति की ओर से रात 12 बजे 80 किलो दूध से बनी खीर का वितरण भी किया गया।


