ईदगाह में गूंजी अमन-चैन की दुआ, गले मिल दी मुबारकबाद
Deoli News 21 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में ईदुलफितर का त्योहार शनिवार को पारंपरिक हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। ईद का चांद नजर आने के साथ ही मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में खुशियों की परवाज देखने को मिली।
अल-फज्र (सुबह) से ही मोहल्लों में रौनक शुरू हो गई और नए परिधानों में सजे अकीदतमंदों का कारवां खुशबुओं से सराबोर होकर ईदगाह पहुंचा। जामा मस्जिद के शाही इमाम हाफिज कारी अमान रजा संभली ने ईदगाह में नमाज अदा करवाई और तकरीर पेश की। उन्होंने कहा कि यह पर्व रमजान के इम्तहान के बाद अल्लाह की तरफ से रोजेदारों के लिए एक अनमोल तोहफा है। उन्होंने मोमिनों से आह्वान किया कि वे अल्लाह और रसूल के बताए मार्ग पर चलें और गरीब, यतीम, बेवा व वंचित तबकों की दिल खोलकर मदद करें। शाही इमाम ने उत्तम व्यवहार पर जोर देते हुए कहा कि हमारा आचरण हर जाति और धर्म के प्रति नेक होना चाहिए। नमाज के बाद दिए गए खुतबे में वतन की खुशहाली, विश्व शांति, आपसी सौहार्द्र और अच्छी वर्षा के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। दुआ के बाद शाही इमाम ने आवाम को ईद की मुबारकबाद पेश की और पुलिस व उपखंड प्रशासन का सफल व्यवस्थाओं के लिए शुक्रिया अदा किया।
दिनभर दावतों का दौर चला, जिसमें मुस्लिम भाइयों के साथ उनके गैर-मुस्लिम मित्रों ने भी शीर-खुरमा, बिरयानी और लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाकर सांप्रदायिक सौहार्द्र की मिसाल पेश की। समाज प्रवक्ता हारून अंसारी और मोहम्मद इदरीश ने बताया कि शहर में उत्सव का बना रहा।
त्यौहार की मिलकर खुशियां मनाई
वहीं पनवाड़ क्षेत्र में भी ईद का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। यहां इमाम मोहम्मद गुर्फान हजारी ने ईदुल फितर की विशेष नमाज अदा करवाई और देश की तरक्की की दुआ की। सदर शराफत अली ने बताया कि इस दौरान सैयद खान अंसारी, नन्हे खान अंसारी, इमरान अली, अहमद अली, बबलू अंसारी और अमन खान सहित कई लोग मौजूद रहे।

यहां पूर्व सरपंच शिवजीराम माली और भारत सिंह ने भी मुस्लिम समाज के लोगों को गले मिलकर ईद की दिली शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।


