Deoli News 8 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नोतपा से राहत के बाद अब देवली में रविवार को भीषण गर्मी का प्रकोप रहा। शाम 4:30 बजे अधिकतम तापमान 42 डिग्री पर पहुंच गया। भीषण गर्मी से लोग बेहाल हो गए।
इस दौरान शहर के प्रमुख मार्ग और बाजार सुनसान रहे। शहर के पेट्रोल पंप चौराहा, मुख्य बाजार, जहाजपुर चुंगी नाका, गौरव पथ और हाईवे समेत प्रमुख मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर की अवधि में लोग घरों से बाहर नहीं निकले और गर्मी से बचने के लिए अपने घरों में ही रहे। भीषण गर्मी के चलते लोग पसीने से तर-बतर रहे और गर्मी से राहत पाने के लिए बार बार गला तर करना पड़ा। वाटर पार्क में भी लोगों की भीड़ रही, जहां लोग गर्मी से राहत पाने के लिए पहुंचे। शहर के जयपुर रोड स्थित सिद्धि विनायक होटल के वाटर पार्क में काफी भीड़ रही। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग वाटर पार्क में एंजॉय करते रहे। हालांकि ऐसी गर्मी में लोगों को राहत पाने के लिए शाम के वक्त भी नहाना पड़ रहा है।
बता दें कि पिछले 4 दिनों से लगातार भीषण गर्मी पड़ रही है, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। गर्मी के इस प्रकोप से लोगों को राहत मिलने की फिलहाल कोई संभावना नहीं दिख रही है।


