कॉलोनी की लाइनें बनीं खतरा
Deoli News 4 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर स्थित जैन कॉलोनी में मंगलवार को एक 10 वर्षीय बालक विद्युत लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। घायल बालक को देवली उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जानकारी के अनुसार बावड़ी बालाजी के पुजारी चेतन वैष्णव का पुत्र विप्रांश वैष्णव घर की छत पर खेल रहा था। विप्रांश इसी दौरान वह मकान के पास से गुजर रही खुली विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगने से उसके शरीर पर कई जगहों पर फफोले पड़ गए। यह बालक सांवरिया सेठ देवली के मंदिर में ठाकुर जी का श्रृंगार करता है और भजन गायक भी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जैन कॉलोनी में जगह-जगह झूलते खुले तार और मकानों के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें लगातार हादसों को न्योता दे रही हैं। कई बार शिकायतों और दुर्घटनाओं के बावजूद विद्युत निगम ने सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की दिशा में कदम नहीं उठाया।
नियमानुसार आवासीय क्षेत्रों में विद्युत लाइन मकानों से कम से कम तीन मीटर की दूरी पर होनी चाहिए, लेकिन जैन कॉलोनी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए लाइनें मकानों के बिल्कुल समीप से गुजर रही हैं। बिना कवर के खुले तार लोगों, विशेषकर बच्चों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। इस संबंध में विद्युत निगम के कनिष्ठ अभियंता नोरत मीना ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित लोगों को आवेदन देना होगा। आवेदन के आधार पर एस्टीमेट तैयार किया जाएगा और निर्धारित डिमांड राशि जमा होने के बाद ही लाइनों को मकानों से दूर शिफ्ट करने की प्रक्रिया की जाएगी।



